हार की जीत (Haar Ki Jeet) - सुदर्शन

श्रेणी: हिंदी साहित्य क्लासिक | लेखक/बोर्ड: सुदर्शन (1895-1967)

संक्षिप्त सारांश:

बाबा भारती के प्रिय घोड़े 'सुल्तान' को धोखे से छीनने वाले कुख्यात डाकू खड़क सिंह के हृदय परिवर्तन की अत्यंत भावुक और कालजयी शिक्षाप्रद कहानी।

भाग 1: बाबा भारती और उनका प्रिय घोड़ा सुल्तान

मां को अपने बेटे, साहूकार को अपने देनदार और किसान को अपने लहलहाते खेत देखकर जो आनंद आता है, वही आनंद बाबा भारती को अपना घोड़ा देखकर आता था। भगवत-भजन से जो समय बचता, वह घोड़े को अर्पण हो जाता। वह घोड़ा बड़ा सुंदर था, बड़ा बलवान। उसके जोड़ का घोड़ा सारे इलाके में न था। बाबा भारती उसे ‘सुल्तान’ कहकर पुकारते, अपने हाथ से खरहरा करते, खुद दाना खिलाते और देख-देखकर प्रसन्न होते थे। उन्होंने रुपया, माल, असबाब, जमीन सब कुछ छोड़ दिया था; यहां तक कि उन्हें नगर के जीवन से भी घृणा थी। अब गांव से बाहर एक छोटे-से मंदिर में रहते और भगवान का भजन करते थे। "मैं सुल्तान के बिना नहीं रह सकूंगा"—यह उनकी धारणा हो गई थी। वे उसकी चाल पर लट्टू थे। कहते—"ऐसे चलता है जैसे मोर घटा को देखकर नाच रहा हो।" जब तक संध्या समय सुल्तान पर चढ़कर आठ-दस मील का चक्कर न लगा लेते, उन्हें चैन न आता।

खड़क सिंह उस इलाके का प्रसिद्ध डाकू था। लोग उसका नाम सुनकर कांपते थे। होते-होते सुल्तान की कीर्ति उसके कानों तक भी पहुंची। उसका हृदय उसे देखने के लिए अधीर हो उठा। वह एक दिन दोपहर के समय बाबा भारती के पास पहुंचा और नमस्कार करके बैठ गया।

बाबा भारती ने पूछा—"खड़क सिंह, क्या हाल है?"

खड़क सिंह ने सिर झुकाकर उत्तर दिया—"आपकी दया है।"

"कहो, इधर कैसे आ गए?"

"सुल्तान की चाह खींच लाई।"

"विचित्र जानवर है। देखोगे तो प्रसन्न हो जाओगे।"

"मैंने भी बड़ी प्रशंसा सुनी है।"

"उसकी चाल तुम्हारा मन मोह लेगी।"

"कहते हैं, देखने में भी बहुत सुंदर है।"

"क्या कहना! जो उसे एक बार देख लेता है, उसके हृदय पर उसकी छवि अंकित हो जाती है।"

खड़क सिंह ने अस्तबल में जाकर घोड़ा देखा। उसने हजारों घोड़े देखे थे, परंतु ऐसा बांका घोड़ा उसकी आंखों से कभी न गुजरा था। सोचने लगा—"भाग्य की बात है! ऐसा घोड़ा खड़क सिंह के पास होना चाहिए था। इस साधु को ऐसी चीजों से क्या लाभ?" कुछ देर तक आश्चर्य से खड़ा रहा। इसके पश्चात् उसके हृदय में हलचल होने लगी। बालकों की सी अधीरता से बोला—"बाबाजी, इसकी चाल न देखी तो क्या देखा!"

बाबा जी भी मनुष्य ही थे। अपनी वस्तु की प्रशंसा दूसरे के मुख से सुनने के लिए उनका हृदय अधीर हो गया। घोड़े को खोलकर बाहर ले आए। घोड़ा वायु-वेग से उड़ने लगा। उसकी चाल देखकर खड़क सिंह के हृदय पर सांप लोट गया। वह डाकू था और जो वस्तु उसे पसंद आ जाए, उस पर वह अपना अधिकार समझता था। जाते-जाते उसने कहा—"बाबाजी, मैं यह घोड़ा आपके पास न रहने दूंगा।"

बाबा भारती डर गए। अब उन्हें रात को नींद न आती। सारी रात अस्तबल की रखवाली में कटने लगी। प्रतिक्षण खड़क सिंह का भय लगा रहता; परंतु कई मास बीत गए और वह न आया। यहां तक कि बाबा भारती कुछ असावधान हो गए।

भाग 2: अपाहिज का छल और बाबा भारती का अनुरोध

संध्या का समय था। बाबा भारती सुल्तान की पीठ पर सवार होकर घूमने जा रहे थे। इस समय उनकी आंखों में चमक थी, मुख पर प्रसन्नता। कभी घोड़े के शरीर को देखते, कभी उसके रंग को और मन में फूले न समाते थे।

सहसा एक ओर से आवाज आई—"ओ बाबा! इस कंगले की सुनते जाना।"

आवाज में करुणा थी। बाबा ने घोड़े को रोक लिया। देखा, एक अपाहिज वृक्ष की छाया में पड़ा कराह रहा है। बोले—"क्यों, तुम्हें क्या कष्ट है?"

अपाहिज ने हाथ जोड़कर कहा—"बाबा, मैं दुखिया हूं। मुझ पर दया करो। रामवाला यहां से तीन मील है, मुझे वहीं जाना है। घोड़े पर चढ़ा लो, परमात्मा भला करेगा।"

"वहां तुम्हारा कौन है?"

"दुर्गादत्त वैद्य का नाम आपने सुना होगा, मैं उनका सौतेला भाई हूं।"

बाबा भारती ने घोड़े से उतरकर अपाहिज को घोड़े पर सवार किया और स्वयं उसकी लगाम पकड़कर धीरे-धीरे चलने लगे।

सहसा उन्हें एक झटका-सा लगा और लगाम हाथ से छूट गई। उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा जब उन्होंने देखा कि अपाहिज घोड़े की पीठ पर तनकर बैठा है और घोड़े को दौड़ाये लिए जा रहा है। उनके मुख से भय, विस्मय और निराशा से मिली हुई चीख निकल गई। वह अपाहिज डाकू खड़क सिंह था!

बाबा भारती कुछ देर तक चुप रहे और इसके पश्चात् कुछ निश्चय करके पूरे बल से चिल्लाकर बोले—"ठहर जाओ!"

खड़क सिंह ने घोड़ा रोक लिया और उसकी गर्दन पर प्यार से हाथ फेरते हुए कहा—"बाबाजी, यह घोड़ा अब न दूंगा।"

बाबा भारती ने कहा—"मगर एक बात सुनते जाओ।"

खड़क सिंह ठहर गया।

बाबा भारती ने निकट जाकर उसकी ओर ऐसी आंखों से देखा जैसे बकरा कसाई की ओर देखता है, और कहा—"यह घोड़ा तुम्हारा हो चुका है। मैं तुमसे इसे वापस लेने के लिए न कहूंगा; परंतु खड़क सिंह, केवल एक प्रार्थना करता हूं। इसे अस्वीकार न करना, नहीं तो मेरा दिल टूट जाएगा।"

"बाबाजी, आज्ञा कीजिए। मैं आपका दास हूं, केवल यह घोड़ा न दूंगा।"

"अब घोड़े का नाम न लो। मैं तुमसे इसके विषय में कुछ न कहूंगा। मेरी प्रार्थना केवल यह है कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना।"

खड़क सिंह का मुंह आश्चर्य से खुला रह गया। उसका विचार था कि उसे घोड़े को लेकर यहां से भागना पड़ेगा; परंतु बाबा भारती ने स्वयं उससे कहा कि इस घटना को किसी के सामने प्रकट न करना। इसका क्या प्रयोजन हो सकता है? खड़क सिंह ने बहुत सिर मारा, परंतु कुछ समझ न सका। हारकर उसने अपनी आंखें बाबा भारती के मुख पर गड़ा दीं और पूछा—"बाबाजी, इसमें आपको क्या डर है?"

सुनकर बाबा भारती ने उत्तर दिया—"लोगों को यदि इस घटना का पता चला, तो वे किसी गरीब और अपाहिज पर विश्वास न करेंगे।" यह कहते-कहते उन्होंने सुल्तान की ओर से इस तरह मुंह मोड़ लिया जैसे उनका उससे कभी कोई संबंध ही न था।

भाग 3: डाकू का हृदय-परिवर्तन और हार की जीत

बाबा भारती चले गए; परंतु उनके शब्द खड़क सिंह के कानों में उसी प्रकार गूंज रहे थे। सोचता था—"कैसे ऊंचे विचार हैं, कैसा पवित्र हृदय है! उन्हें इस घोड़े से कितना प्रेम था, इसे देखकर उनका मुख फूल की नाईं खिल जाता था। कहते थे—इसके बिना मैं न रह सकूंगा। इसके लिए कई रात सोए नहीं, भजन-भक्ति न कर रखवाली करते रहे; परंतु आज उनके मुख पर दुःख की रेखा तक न दिखाई पड़ी। उन्हें केवल यह ख्याल था कि कहीं लोग गरीबों पर विश्वास करना न छोड़ दें। ऐसा मनुष्य, मनुष्य नहीं, देवता है!"

रात्रि के अंधकार में खड़क सिंह बाबा भारती के मंदिर पहुंचा। चारों तरफ सन्नाटा था। आकाश में तारे टिमटिमा रहे थे। थोड़ी दूर पर गांव के कुत्ते भौंक रहे थे। मंदिर के अंदर कोई शब्द सुनाई न देता था। खड़क सिंह सुल्तान की बाग पकड़े हुए था। वह धीरे-धीरे अस्तबल के फाटक पर पहुंचा। फाटक खुला पड़ा था। किसी समय वहां बाबा भारती स्वयं लाठी लेकर पहरा देते थे; परंतु आज उन्हें किसी चोरी, किसी डाके का भय न था।

खड़क सिंह ने आगे बढ़कर सुल्तान को उसके स्थान पर बांध दिया और बाहर निकलकर सावधानी से फाटक बंद कर दिया। इस समय उसकी आंखों में नेकी के आंसू थे।

रात्रि का तीसरा पहर बीत चुका था। चौथा पहर आरंभ होते ही बाबा भारती ने अपनी कुटिया से बाहर निकल ठंडे जल से स्नान किया। इसके पश्चात् इस प्रकार जैसे कोई स्वप्न में चल रहा हो, उनके पांव अस्तबल की ओर बढ़े; परंतु फाटक पर पहुंचकर उनको अपनी भूल प्रतीत हुई। साथ ही घोर निराशा ने पांवों को मन-मन भर का भारी बना दिया। वे वहीं रुक गए।

घोड़े ने अपने स्वामी के पांवों की चाप को पहचान लिया और जोर से हिनहिनाया।

अब बाबा भारती आश्चर्य और प्रसन्नता से दौड़ते हुए अंदर घुसे और अपने प्यारे घोड़े के गले से लिपटकर इस प्रकार रोने लगे मानो कोई पिता बहुत दिन के बिछुड़े हुए पुत्र से मिल रहा हो। बार-बार उसकी पीठ पर हाथ फेरते, बार-बार उसके मुख पर थपकियां देते।

फिर वे संतोष से बोले—"अब कोई गरीबों की सहायता से मुंह न मोड़ेगा।"

🌟 सीख: नैतिक बल और त्याग के सम्मुख छल और बाहुबल की पराजय निश्चित है। बाबा भारती हारकर भी जीत गए और डाकू खड़क सिंह जीतकर भी हार गया।